विश्व के प्रमुख जल मार्ग व रेल मार्ग

विश्व के प्रमुख जल मार्ग व रेल मार्ग
विश्व के प्रमुख जल मार्ग व रेल मार्ग

विश्व के प्रमुख समुद्री मार्ग

(1) उत्तरी अटलांटिक मार्ग

यह जलमार्ग यूरोप के पश्चिमी तट के पत्तन को उत्तरी अमेरिका के पूर्वी तट के पोताश्रय से जोड़ता है | यह विश्व का व्यस्ततम सामुद्रिक मार्ग है क्योंकि यह मार्ग विश्व के दो बड़े औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ता है | विश्व के व्यापारिक जलपोतों के कुल टन भार का एक चौथाई टन भार इस मार्ग से ढोया जाता है |

यूरोप के पश्चिमी तट के पत्तन बड़ी मात्रा में रसायन, मशीन, इस्पात, खाद, शराब आदि संयुक्त राज्य अमेरिका तथा कनाडा को निर्यात करते हैं जबकि उत्तरी अमेरिका के पूर्वी पत्तन यूरोपीय देशों को खाद्य सामग्री, गेहूं, पशुओं का चारा, तंबाकू, कागज तथा लुगदी, इमारती लकड़ी और धातु जैसे – तांबा, निकेल आदि का निर्यात करते हैं |

(2) स्वेज नहर मार्ग

स्वेज नहर का निर्माण 1869 ईस्वी में स्वेज जलडमरूमध्य को काटकर किया गया था | यह नहर भूमध्य सागर के पोर्ट सईद से लेकर लाल सागर के पोर्ट स्वेज तक है | स्वेज नहर 162 किलोमीटर लंबी, 65 मीटर चौड़ी तथा 10 मीटर गहरी है |

स्वेज नहर तीन झीलों से होकर गुजरती है – मंजाला, तिमसा और बिटरझील | यह नहर मिस्र के भू-भाग में स्थित है लेकिन सभी देशों के नौपरिवहन के लिए खुला हुआ है | यह एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग है और इसमें स्थित कोई ‘झाल’ ( Lock ) नहीं है |

एशिया एवं अफ्रीकी देशों व पश्चिमी एशिया से अमेरिका व यूरोप के लिए स्वेज नहर मार्ग द्वारा प्रायः कृषि का कच्चा माल, गरम मसाले, अर्द्ध-निर्मित माल, खनिज पदार्थ, हाथी दांत, रबड़ और खनिज तेल भेजा जाता है |

यूरोप व अमेरिका की ओर से मशीनें, रसायन, उच्च तकनीक का माल, वाहन, विशेष इस्पात, सुरक्षा सामग्री व अन्य निर्मित सामग्री, खाद्यान्न, तेल व अलौह धातुओं को पूर्व व सुदूर पूर्व देशों को भेजा जाता है |

(3) पनामा नहर मार्ग

पनामा नहर सन 1904 से 1914 के मध्य संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा बनाई गई | इसे पनामा के स्थलडमरूमध्य को काटकर बनाया गया है |

पनामा नहर प्रशांत तट पर पनामा को अटलांटिक महासागर के तट पर कोलन बंदरगाहों से जोड़ती है | यह नहर 82 किलोमीटर लंबी, 12 मीटर गहरी और लगभग 90 मीटर चौड़ी है |

इस नहर को बनाने में गेलार्ड पहाड़ी को काटा गया था इस कारण इस का जल सर्वत्र समान नहीं है और झालों का प्रयोग करना पड़ता है |

पनामा नहर में तीन झाल हैं – गाट्रन, टैट्रोमिग्वल और मीराफ्लोर्स | चार्सेज नदी के जल से विद्युत शक्ति बनाकर जहाजों को नहर से खींचने का काम लिया जाता है |

(4) केप ऑफ गुड होप

केप ऑफ गुड होप मार्ग पश्चिमी यूरोप के पत्तनों को पश्चिम तथा दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया तथा न्यूजीलैंड से जोड़ता है | स्वेज नहर के बनने के बाद इसका महत्व अपेक्षाकृत कम हो गया है |

इस मार्ग में यातायात का घनत्व बहुत कम होता है क्योंकि अफ्रीका के पश्चिमी तट के देश आर्थिक रूप से पिछड़े हुए हैं |

व्यापार हेतु अफ्रीका से कहवा, कोको, खनिज तेल, पाम तेल, रबड़, नारियल, हाथी दांत, इमारती लकड़ी, शुतुरमुर्ग के पंख, मैगनीज आदि निर्यात किए जाते हैं |

यूरोप से मुख्यतः आयात सूती वस्त्र, सीमेंट, मशीनें, शक्कर, वाहन व अन्य निर्मित माल का होता है |

(5) दक्षिणी अटलांटिक मार्ग

यह मार्ग पश्चिमी यूरोप के पत्तनों को वेस्टइंडीज, ब्राज़ील, अर्जेंटीना, उरूग्वे तथा दक्षिण अमेरिका के कैरीबियन देशों से जोड़ता है |

उत्तर दिशा में जाने वाली मुख्य वस्तुएं हैं – कोको, कहवा, अनाज, कपास, ऊन, इमारती लकड़ी, तंबाकू, रबड़ इत्यादि |

दक्षिण की ओर आने वाली मुख्य वस्तुएं जो यूरोप से आती हैं – मशीनें तथा विनिर्मित वस्तुएं |

(6) ट्रांस पेसिफिक मार्ग

यह उत्तरी अमेरिका के दक्षिणी तट पर स्थित पत्तनों को पूर्वी एशिया के पत्तनों से जोड़ता है |

ट्रांस पेसिफिक मार्ग द्वारा उत्तरी अमेरिकी देशों से एशियाई देशों को मुख्यतः मशीनें, फल, मांस, दूध के पदार्थ, गेहूं, आटा, कपास, लुगदी, कागज, पेट्रोलियम और धातुएँ निर्यात की जाती हैं |

पूर्व की ओर से अमेरिका को नारियल, तेल, रेशम, चाय, शक्कर, तंबाकू, खिलौने, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, वस्त्र आदि निर्यात किए जाते हैं |

विश्व के प्रमुख रेलमार्ग

(1) कैनेडियन पैसिफिक रेल मार्ग

कैनेडियन पैसिफिक रेलमार्ग कनाडा के पश्चिमी प्रशांत तट के बंदरगाहों को पूर्वी अटलांटिक तट के बंदरगाहों से जोड़ता है |

◾️ यह कनाडा के पूर्वी सिरे पर न्यू ब्रुनस्विक राज्य के सेंट जॉन तथा हेलीफैक्स नगरों को देश के पश्चिमी छोर तथा संयुक्त राज्य की सीमा पर स्थित वैंकूवर नगर से मिलाता है | सर्दियों में सेंट लॉरेंस नदी के जम जाने से इस रेल मार्ग की महत्ता और बढ़ जाती है |

◾️ गेहूं की विश्व प्रसिद्ध मंडी विनिपेग नगर इसी मार्ग पर है | यहीं पर कैनेडियन नेशनल रेल मार्ग भी इससे मिल जाता है |

◾️ इस रेलमार्ग के मुख्य स्टेशन है कैलगेरी, रेगिना, विनिपेग, फोर्ट विलियम, पोर्ट आर्थर, ओटावा और मॉन्ट्रियल |

(2) कैनेडियन नेशनल रेलमार्ग

कैनेडियन पैसिफिक रेलमार्ग पर यातायात के अधिक दबाव को कम करने के लिए बनाया गया यह रेल मार्ग लगभग इसके समानांतर चलता है | यह पूर्णत: कनाडा में स्थित है तथा सुदूर पूर्वी तट पर स्थित नोवास्कोशिया में हेलीफैक्स नगर को मॉन्ट्रियल, ओटावा, विनिपेग और एडमिंटन होते हुए सुदूर पश्चिमी तट पर स्थित वैंकूवर में प्रिंस रूपर्ट नगर से मिलता है |

(3) ट्रांस साइबेरियन रेलमार्ग

ट्रांस साइबेरियन रेलमार्ग विश्व का सबसे लंबा रेलमार्ग है | इसकी लंबाई 9300 किलोमीटर है | यह रेलमार्ग एशिया के सुदूर पूर्व प्रशांत तट पर स्थित ब्लाडीवोस्टक नगर से यूरोपीय भाग में स्थित रूस की राजधानी मास्को से होकर सेंट पिटर्सबर्ग तक गया है |

◾️ इस मार्ग के द्वारा मास्को के औद्योगिक प्रदेश से विभिन्न मशीनरी तथा औद्योगिक पदार्थ साइबेरिया के विभिन्न भागों के विकास हेतु पहुंचाए जाते हैं |

◾️ इस रेलमार्ग पर मुख्य स्टेशन हैं – सेंट पीटर्सबर्ग, मास्को, ट्यूमेन, ओमस्क, नोवोसिबिरिस्क, टॉमस्क, क्रास्नोयार्स्क, इर्कुटस्क, अंगार्स्क, उलान उदे, खबारोवस्क और वलादिवोस्टक |

(4) ट्रांस एंडियन रेलमार्ग

ट्रांस एंडियन रेलमार्ग दक्षिण अमेरिका का प्रसिद्ध रेलमार्ग है जो सन 1910 में बनकर तैयार हुआ था | यह 1440 किलोमीटर लंबा है |

◾️ यह रेलमार्ग प्रशांत तट पर वालपरैजो से प्रारंभ होकर अटलांटिक तट पर स्थित ब्यूनस आयर्स तक जाता है |

◾️ वालपरैजो और ब्यूनस आयर्स के मध्य एंडीज पर्वतमाला के समीप यह उसप्लाता दर्रे से होकर गुजरता है |

◾️ इस रेलमार्ग द्वारा पम्पा तथा पश्चिमी तट की उपज विशेषत: रसदार फल का निर्यात, व्यापार और डाक तथा यात्रियों का आवागमन सरल हो गया है |

(5) केप-काहिरा रेल मार्ग

केप काहिरा रेल मार्ग अफ्रीका का सबसे विशेष किंतु अधूरा रेलमार्ग है | यह रेलमार्ग अफ्रीका के सुदूर दक्षिणी सिरे केपटाउन से उत्तरी पूर्वी छोर काहिरा नगर तक 14000 किलोमीटर की यात्रा तय करने के लिए एकमात्र मार्ग है |

◾️ इस रेल मार्ग द्वारा जोड़े जाने वाले मुख्य नगर हैं – मफेकिंग, बोत्सवाना, बुलावायो, सैलिसबरी, मोजांबिक के पूर्वी तट पर स्थित बेईरा नामक पत्तन, लिविंगस्टन, एलिजाबेथविले, कटंगा प्रांत ( जायरे ), बैम्बेला पत्तन और फैंकी |

◾️ इसके पश्चात यह रेल मार्ग नील नदी के किनारे स्थित कोस्टी नगर ( सूडान ) से प्रारंभ होता है | यहां से यह रेलमार्ग नील नदी के समानांतर चलता है | सेनार, खार्तूम, एतवारा आदि नगरों को पार करके यह वादी हाफ़ा ( मिस्र ) नामक नगर तक जाता है |

Other Related Posts

एशिया महाद्वीप ( Asia Continent )

यूरोप महाद्वीप ( Europe )

अफ्रीका महाद्वीप ( Africa )

उत्तरी अमेरिका ( North America )

दक्षिण अमेरिका ( South America )

ऑस्ट्रेलिया ( Australia )

अंटार्कटिक महाद्वीप ( Antarctica )

पृथ्वी के प्रमुख स्थल रूप ( भूगोल, कक्षा-6) ( Major Landforms Of The Earth ) ( NCERT, geography,Class 6, Chapter 6 )