रीतिकाल : परंपरा एवं प्रवृत्तियां ( Reetikal : Parampara Evam Pravritiyan )

             रीतिकाल : परंपरा एवं प्रवृतियां   
  ( Reetikal : Parampara Evam Pravrityan )
 
हिंदी साहित्य के इतिहास को तीन भागों में बांटा जा सकता है – आदिकाल,  मध्यकाल व आधुनिक काल | मध्यकाल के पूर्ववर्ती भाग को भक्तिकाल तथा उत्तरवर्ती काल को रीतिकाल ( Reetikal ) के नाम से जाना जाता है | रीतिकाल की समय-सीमा संवत 1700 से संवत 1900 तक है | रीतिकाल में तीन प्रकार का साहित्य रचा गया – रीतिबद्ध,  रीतिसिद्ध तथा रीतिमुक्त |
रीतिकाल : परंपरा एवं प्रवृत्तियाँ
 
रीतिबद्ध ( Reetibaddh ) कवि वे हैं जिन्होंने संस्कृत काव्यशास्त्र के आधार पर लक्षण ग्रंथ लिखे हैं | इन कवियों ने काव्यांगों  के लक्षण प्रस्तुत करते हुए उनके सुंदर उदाहरण जुटाए हैं इन्हें रीतिबद्ध कवि कहा जाता है |  इन्हें ‘शास्त्र-कवि’ ( Shastra Kavi ) या ‘कवि-शिक्षक’ ( Kavi Shikshak ) भी  कहा जाता है | डॉ नगेंद्र ( Dr Nagendra ) ने इन कवियों को ‘रीतिकार’   ( Reetikar ) या ‘आचार्य-कवि’ Aacharya Kavi ) कहा है |

इन कवियों में प्रमुख हैं – केशवदास ( Keshavdas ),  चिंतामणि ( Chintamani ) ,  देव ( Dev ),  मतिराम (Matiram ) ,पद्माकर ( Padmakar ),  श्रीपति ( Shripati ) आदि |

रीतिसिद्ध ( Reetisiddh Kavi ) कवि वे कवि हैं जिन्हें काव्य का शास्त्रीय ज्ञान तो था लेकिन वे शास्त्रीय नियमों के चक्कर में नहीं पड़े | इनके काव्य में काव्य-शास्त्रीय छाप स्पष्ट दिखाई देती है |  यह भी कहा जा सकता है कि इन कवियों ने लक्षण ग्रंथ तो नहीं लिखे लेकिन काव्य-रचना करते समय इनकी दृष्टि काव्य-लक्षणों की तरफ अवश्य रही |
 कवि बिहारी ( Bihari ), रस निधि ( Rasnidhi ), वृंद ( Vrind ), कृष्ण कवि ( Krishn Kavi ) आदि रीतिसिद्ध कवियों में प्रमुख हैं | 

रीतिकाल में कुछ ऐसे कवि भी हुए हैं जिन्होंने रीति से मुक्त होकर काव्य रचना की | उन्होंने काव्य शास्त्रीय विधानों  की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया |  इसीलिए इन्हें रीतिमुक्त कवि कहा गया | कुछ विद्वान इन्हें स्वच्छंद विचारधारा के कभी भी कहते हैं | रीतिमुक्त कवियों की संख्या 50 के लगभग है | इनमें प्रेम-रस के कवि, वीर रस के कवि, नीति कवि सभी शामिल हैं | रीतिमुक्त कवियों में प्रमुख कवि हैं – घनानंद ( Ghananand ), आलम (Aalam ) ,  ठाकुर ( Thakur ) ,  बोधा (Bodha ),  द्विजदेव (Dvijdev ) आदि |

              रीतिकाल की प्रमुख विशेषताएं 
      ( Reetikal Ki pramukh Visheshtayen )

(1) रीतिग्रंथों का निर्माण- संस्कृत साहित्य के लक्षण ग्रंथ कारों का अनुसरण करते हुए सभी रीतिबद्ध कवियों ने लक्ष्मीकांत लिखे | इन कवियों ने रस, अलंकार, नायिका-भेद आदि  के उदाहरण देते हुए काव्य रचनाएं लिखी | चिंतामणि, भूषण,  देव, भिखारीदास आदि ने रीति ग्रंथों की रचना की |  इन कवियों ने संस्कृत के  भामह,  दंडी, मम्मट, राजशेखर आदि का अनुसरण किया लेकिन इन कवियों को संस्कृत के आचार्यों के समान सफलता नहीं मिली | इन कवियों की काव्य-विधि में मौलिकता का अभाव है | आचार्यत्व  के लिए जिस सूक्ष्म विवेचन-शक्ति की आवश्यकता होती है,  वह भी इन कवियों में नहीं है |  इसका कारण यह था कि इन कवियों को कवि और आचार्य-कर्म एक साथ निभाना बड़ा |

(2) श्रृंगार निरूपण – श्रृंगार वर्णन रीति-काव्य की प्रमुख प्रवृत्ति है |  इस काल में भक्तिकाल के राधा-कृष्ण भी विलासी नायक-नायिका मात्र बन कर रह गए | इस काल में सर्वाधिक प्रमुख रस श्रृंगार-रस था | इन कवियों ने श्रृंगार के संयोग-पक्ष का वर्णन अधिक किया है | वियोग वर्णन में मार्मिकता का अभाव है | संयोग-वर्णन में सुरत,  विपरीत-रति, हास-परिहास का वर्णन मिलता है | विभिन्न तीज त्योहारों पावस आदि का सुंदर वर्णन मिलता है |  श्रृंगारी भावना का सर्वाधिक महत्वपूर्ण कारण इन कवियों का दरबारी कवि होना था | अपने स्वामी को खुश करना ही इनका प्रमुख ध्येय था | अतः इन कवियों ने श्रृंगार-वर्णन को सर्वाधिक महत्व दिया |

(3) अलंकार प्रयोग व चमत्कार वर्णन – रीतिकालीन कवियों ने अपनी आश्रय-दाता  राजाओं व सामंतों को प्रसन्न करने के लिए चमत्कार का सहारा लिया | इन कवियों ने विलासी राजाओं को खुश करने के लिए कल्पना की उड़ान, वाकपटुता,  चमत्कार- वर्णन आदि का सहारा लिया | इन कवियों ने अपनी-अपनी रचनाओं को अलंकृत करने के लिए अनेक ढंग अपनाये | इसलिए डॉo रामकुमार ने इस काल को कलाकाल व मित्र-बंधुओं ने अलंकृत काल की संज्ञा दी है | इन कवियों के लिए अलंकार साधन नहीं बल्कि साध्य बन गए थे |

(4) प्रकृति वर्णन- रीति काल में प्रकृति का चित्रण आलंबन और उद्दीपन दोनों रूपों में मिलता है |. यह प्रकृति-चित्रण नायक-नायिका की मनोदशा के अनुरूप हुआ है | संयोग दशा में प्रकृति का मनोहारी चित्रण है तथा वियोग दशा में त्रास  उत्पन्न करने वाला रूप है | रीतिकाल में स्वतंत्र प्रकृति-वर्णन दुर्लभ है | प्रकृति के विभिन्न अवयवों का वर्णन इन्होंने नायक व नायिका के रूप-सौंदर्य का वर्णन करने के लिए भी किया है | नायक-नायिका की सुंदरता के लिए अनेक उपमाएं प्रकृति से ली गई हैं | इन कवियों ने प्रकृति चित्रण में अनेक नए उपमान भी प्रयोग किए हैं | इनका प्रकृति-चित्रण उद्दीपन रूप में कहीं अधिक प्रभावशाली प्रतीत होता है |

(5) नारी वर्णन – रीतिकाल के कवियों ने नारी का कामुक वर्णन किया है |  इनके  लिए नारी केवल भोग विलास की वस्तु है | इन्होंने नारी को प्राय:  नायिका के रूप में चित्रित  किया है जो नायक के प्रेम में बंधी है अर्थात इन्होंने नारी को अधिकार क्षेत्र में प्रेमिका के रूप में चित्रित किया है | यह कवि नारी के शारीरिक-सौंदर्य का वर्णन ही करते रहे | इसका प्रमुख कारण यह था कि अधिकांश रीतिकालीन कवि दरबारी कवि थे | इनका प्रमुख उद्देश्य अपने आश्रय दाता  राजा को प्रसन्न करना था जो प्रायः भोग विलास में डूबे रहते  थे | अतः इन्होंने नारी को भोग-विलास के साधन के रूप में प्रस्तुत किया | मानो  वासना ही इन कवियों के लिए सब कुछ थी |

(6) भक्ति भावना –  रीतिकालीन कवियों ने प्रेम के साथ-साथ अपनी भक्ति भावना को भी अभिव्यक्त किया है | रीति काल के अधिकांश कवि उच्च कोटि के भक्त भी थे | घनानंद जी सुजान से प्रेम करते थे लेकिन आगे जाकर उनका सुजान प्रेम कृष्ण-प्रेम में परिणत हो गया | उन्होंने अपने काव्य में श्रीकृष्ण की लीलाओं का सुंदर वर्णन किया है | उनकी भक्ति में दांपत्य भक्ति की प्रधानता है | कहीं-कहीं वात्सल्य भाव भी प्रकट होता है | दास्य -भक्ति भी रीतिकालीन कवियों के काव्य में मिलती है | फिर भी भक्ति की भावना इन कवियों के काव्य में उतना अधिक विकास नहीं पा सकी जितना सूर, तुलसी,  कबीर, जायसी जैसे भक्तिकालीन कवियों के काव्य में मिलती है |

(7) काव्य-रूप- रीतिकाल के अधिकांश कवियों ने मुक्तक काव्य की रचना की है | आचार्य रामचंद्र शुक्ल ने मुक्तक काव्य को उपेक्षा की दृष्टि से देखा है लेकिन रीतिकाल की मांग ही  मुक्तक-काव्य थी | राजाओं तथा नवाबों के पास इतना समय नहीं था कि वे प्रबंध-काव्य सुन सकें और दरबारी कवियों का एकमात्र उद्देश्य अपने आश्रयदाता  राजाओं को प्रसन्न  करना था | उन्होंने मुक्तक काव्य की रचना की |

(8) कला- इन कवियों ने अपने काव्य में चमत्कार उत्पन्न करने के लिए छंदों,  अलंकारों, बिंबों आदि का बड़ा सुंदर प्रयोग किया है |
छंदों की दृष्टि से इन कवियों ने प्राय: दोहा, कवित्त, सवैया का प्रयोग किया है | इसके अतिरिक्त छप्पय, बरवै,  सोरठा आदि का प्रयोग भी कहीं-कहीं मिलता है | फिर भी इन कवियों ने दोहा, कवित्त, सवैया का अधिक प्रयोग किया है क्योंकि ये छंद ब्रज-भाषा की प्रकृति के अनुकूल थे |
चमत्कार उत्पन्न करने के लिए इन कवियों ने विभिन्न प्रकार के अलंकारों का प्रयोग किया है | इन्होंने शब्दालंकार और अर्थालंकार ; दोनों प्रकार के अलंकारों का प्रयोग बखूबी किया है | इन कवियों ने अपने काव्य में अनुप्रास,  यमक, श्लेष, पुनरुक्ति,  रूपक, उपमा, उत्प्रेक्षा,  रूपक अतिशयोक्ति आदि अलंकारों का प्रयोग बखूबी किया है | इन कवियों के लिए अलंकार साधन नहीं बल्कि साध्य बन गए थे |

(9) ब्रजभाषा की प्रधानता- रीतिकाल में अधिकांश काव्य ब्रजभाषा में रचा गया | ब्रज भाषा ही इस युग की प्रधान साहित्यिक भाषा थी | इसका प्रमुख कारण यह था कि ब्रजभाषा श्रृंगार-रस व कोमल भावों की अभिव्यक्ति के लिए उपयुक्त भाषा थी |  रीतिकाल के अधिकांश कवि केवल अपने स्वामी अर्थात अपने आश्रयदाता राजा को प्रसन्न करने के लिए काव्य-रचना कर रहे थे | अतः उन्होंने ब्रजभाषा जैसी मधुर भाषा को चुना |
डॉ नगेंद्र ( Dr Nagendra )  इस विषय में लिखते हैं-  ” भाषा के प्रयोग में इन कवियों ने एक खास नाजुक मिजाजी बरती है | इनके काव्य में किसी भी ऐसे शब्द की गुंजाइश नहीं जिसमें माधुर्य न हो |”
वस्तुतः ब्रजभाषा का जितना उत्कर्ष किस काल में हुआ उतना पहले कभी नहीं हुआ | फिर भी हम इनकी भाषा को पूर्ण तरह निर्दोष नहीं मान सकते | रीतिकालीन कवियों की भाषा में कई स्थान पर कारक-चिन्हों की त्रुटि है | कहीं-कहीं लिंग-संबंधी दोष हैं परंतु उनकी भाषा में सर्वत्र मधुरता व मादकता के दर्शन होते हैं |

निष्कर्षत:  हम कह सकते हैं कि रीतिकालीन काव्य श्रृंगार व मधुरता का काव्य है | इसमें सर्वत्र श्रृंगार व कलात्मकता के दर्शन होते हैं | जितना अधिक कला का विकास इस काल में हुआ वह इससे पहले कभी नहीं हुआ | शायद इसलिए ही डॉo रामकुमार वर्मा (Dr Ram Kumar Verma ) रमाशंकर शुक्ल रसाल ( Dr Rama Shankar Shukl Rasal )  ने इस काल को ‘कलाकाल ( Kala Kal )’  व विश्वनाथ प्रसाद मिश्र ( Vishvnath Prasad Mishra ) ने ‘श्रृंगार-काल ( Shringar Kal )’ नाम दिया है |
अनेक त्रुटियां होने के बावजूद यह काल अपनी मधुरता, कलाप्रियता  व अलंकार-प्रियता  के लिए जाना जाएगा |

Other Related Posts

रीतिकाल : समय-सीमा व नामकरण

रीतिबद्ध काव्य-परंपरा व प्रवृत्तियां

रीति सिद्ध काव्य : परंपरा एवं प्रवृत्तियां

रीतिमुक्त काव्य : परंपरा व प्रवृत्तियां

भक्ति आंदोलन : उद्भव एवं विकास ( Bhakti Andolan : Udbhav Evam Vikas )

हिंदी साहित्य का स्वर्ण युग : भक्तिकाल ( Hindi Sahitya Ka Swarn Yug :Bhaktikal )

संत काव्य : परंपरा एवं प्रवृत्तियां /विशेषताएं ( Sant Kavya : Parampara Evam Pravrittiyan )

सूफी काव्य : परंपरा एवं प्रवृत्तियां ( Sufi Kavya : Parampara Evam Pravrittiyan )

राम काव्य : परंपरा एवं प्रवृत्तियां /विशेषताएं ( Rama Kavya : Parampara Evam Pravrittiyan )

कृष्ण काव्य : परंपरा एवं प्रवृत्तियां/ विशेषताएं ( Krishna Kavya Parampara Evam Pravrittiyan / Visheshtaen )

आदिकाल की परिस्थितियां ( Aadikal Ki Paristhitiyan )

आदिकाल : प्रमुख कवि, रचनाएं व नामकरण ( Aadikal ke Pramukh Kavi, Rachnayen Evam Naamkaran )

आदिकाल / वीरगाथा काल की प्रमुख प्रवृत्तियाँ ( Aadikal / Veergathakal Ki Pramukh Visheshtaen )

आदिकाल : नामकरण और सीमा निर्धारण ( Aadikaal Ka Naamkaran aur Seema Nirdharan)

11 thoughts on “रीतिकाल : परंपरा एवं प्रवृत्तियां ( Reetikal : Parampara Evam Pravritiyan )”

Leave a Comment