रीतिसिद्ध काव्य : परंपरा एवं प्रवृत्तियां ( Reetisiddh kavya: Parampara Evam Pravritiya )

              रीतिसिद्ध काव्य परंपरा 
 
हिंदी साहित्य के इतिहास को तीन भागों में बाँटा जा सकता है – आदिकाल, मध्यकाल व आधुनिक काल | मध्यकाल के पूर्ववर्ती काल को भक्तिकाल तथा उत्तरवर्ती काल को रीतिकाल के नाम से जाना जाता है |  रीतिकाल की समय-सीमा संवत 1700 से संवत 1900 तक है |

रीतिसिद्ध काव्य परंपरा एवं विशेषताएँ

रीतिसिद्ध काव्य परंपरा ( Reetisiddh Kavya Parampara )

रीतिसिद्ध कवि वे कवि  हैं जिन्हें काव्य का शास्त्रीय ज्ञान तो था लेकिन वे शास्त्रीय नियमों के चक्कर में नहीं पड़े | इनके काव्य में काव्य शास्त्रीय छाप स्पष्ट दिखाई देती है | यह भी कहा जा सकता है कि इन कवियों ने लक्षण ग्रंथ तो नहीं लिखे लेकिन काव्य- रचना करते समय इनकी दृष्टि काव्य लक्षणों की तरफ अवश्य रही |
बिहारी, रसनिधि, कृष्ण कवि आदि रीतिसिद्ध कवियों में प्रमुख हैं |

बिहारी ( Bihari ) रीतिसिद्ध कवियों में सर्वश्रेष्ठ कहे जा सकते हैं | इनका जन्म 1595 ईo में  ग्वालियर में हुआ | नरहरि दास इनके गुरु थे | ये  राजा जयसिंह ( Raja Jai Singh )  के दरबारी कवि थे | ‘बिहारी सतसई'( Bihari Satsai )  इनकी एकमात्र रचना है | यह रचना श्रृंगार,  अलंकार,  रस, नायिका-भेद आदि सभी दृष्टियों से रीतिकाल की सर्वश्रेष्ठ रचना कहीं जा सकती है |

रस निधि ( Rasnidhi )  की प्रमुख रचनाएं हैं- रस निधि सागर,  हिंडोला,  रत्नहजारा, बारहमासा | ‘रत्न-हजारा’ ( Ratna Hajara ) इनकी सर्वश्रेष्ठ रचना है |

वृंद ( Vrind ) की प्रमुख रचनाएं हैं – बारहमासा, भाव पंचाशिका,  यमक सतसई आदि |
कृष्ण कवि ने बिहारी सतसई  के प्रत्येक  दोहे पर नए सवयै की रचना की | इनकी प्रमुख रचना  ‘बिहारी सतसई की टीका’  है |

         रीति सिद्ध काव्य की विशेषताएं 
       ( Reetisiddh Kavya Ki Visheshtayen )

बिहारी रिद्धि-सिद्धि काव्य धारा के प्रतिनिधि कवि हैं |  उनकी रचना ‘बिहारी सतसई’ ( Bihari Satsai ) रीतिसिद्ध काव्यधारा की सर्वश्रेष्ठ रचना है जिसमें रिद्धिसिद्धि काव्य की सभी प्रवृतियां मिलती हैं | रीतिसिद्ध काव्यधारा की प्रमुख प्रवृत्तियों  का वर्णन इस प्रकार है  :

(1) श्रृंगार निरूपण – श्रृंगार वर्णन रीति-काव्य की प्रमुख प्रवृत्ति है |  इस काल में भक्तिकाल के राधा-कृष्ण भी विलासी नायक-नायिका मात्र बन कर रह गए | इस काल में सर्वाधिक प्रमुख रस श्रृंगार-रस था | इन कवियों ने श्रृंगार के संयोग-पक्ष का वर्णन अधिक किया है | वियोग वर्णन में मार्मिकता का अभाव है | संयोग-वर्णन में सुरत,  विपरीत-रति, हास-परिहास का वर्णन मिलता है | विभिन्न तीज त्योहारों पावस आदि का सुंदर वर्णन मिलता है |  श्रृंगारी भावना का सर्वाधिक महत्वपूर्ण कारण इन कवियों का दरबारी कवि होना था | अपने स्वामी को खुश करना ही इनका प्रमुख ध्येय था | अतः इन कवियों ने श्रृंगार-वर्णन को सर्वाधिक महत्व दिया |

(2) अलंकार प्रयोग व चमत्कार वर्णन- रीतिकालीन कवियों ने अपनी आश्रय-दाता  राजाओं व सामंतों को प्रसन्न करने के लिए चमत्कार का सहारा लिया | इन कवियों ने विलासी राजाओं को खुश करने के लिए कल्पना की उड़ान, वाकपटुता,  चमत्कार- वर्णन आदि का सहारा लिया | इन कवियों ने अपनी-अपनी रचनाओं को अलंकृत करने के लिए अनेक ढंग अपनाये | इसलिए डॉo रामकुमार ने इस काल को कलाकाल व मित्र-बंधुओं ने अलंकृत काल की संज्ञा दी है | इन कवियों के लिए अलंकार साधन नहीं बल्कि साध्य बन गए थे |

(3) प्रकृति वर्णन- रीतिकाल में प्रकृति का चित्रण आलंबन और उद्दीपन दोनों रूपों में मिलता है |. यह प्रकृति-चित्रण नायक-नायिका की मनोदशा के अनुरूप हुआ है | संयोग दशा में प्रकृति का मनोहारी चित्रण है तथा वियोग दशा में त्रास  उत्पन्न करने वाला रूप है | रीतिकाल में स्वतंत्र प्रकृति-वर्णन दुर्लभ है | प्रकृति के विभिन्न अवयवों का वर्णन इन्होंने नायक व नायिका के रूप-सौंदर्य का वर्णन करने के लिए भी किया है | नायक-नायिका की सुंदरता के लिए अनेक उपमाएं प्रकृति से ली गई हैं | इन कवियों ने प्रकृति चित्रण में अनेक नए उपमान भी प्रयोग किए हैं | इनका प्रकृति-चित्रण उद्दीपन रूप में कहीं अधिक प्रभावशाली प्रतीत होता है |

(4) नारी वर्णन- रीतिकाल के कवियों ने नारी का कामुक वर्णन किया है |  इनके  लिए नारी केवल भोग विलास की वस्तु है | इन्होंने नारी को प्राय:  नायिका के रूप में चित्रित  किया है जो नायक के प्रेम में बंधी है अर्थात इन्होंने नारी को अधिकार क्षेत्र में प्रेमिका के रूप में चित्रित किया है | यह कवि नारी के शारीरिक-सौंदर्य का वर्णन ही करते रहे | इसका प्रमुख कारण यह था कि अधिकांश रीतिकालीन कवि दरबारी कवि थे | इनका प्रमुख उद्देश्य अपने आश्रय दाता  राजा को प्रसन्न करना था जो प्रायः भोग विलास में डूबे रहते  थे | अतः इन्होंने नारी को भोग-विलास के साधन के रूप में प्रस्तुत किया | मानो वासना ही इन कवियों के लिए सब कुछ थी |

(5) विरह-वर्णन : बिहारी आदि रीतिसिद्ध कवियों ने संयोग के साथ-साथ वियोग का भी सफल चित्रण किया है | लेकिन बिहारी को विरह-वर्णन में अधिक सफलता नहीं मिली है | उनके विरह-वर्णन में मार्मिकता का अभाव है | चमत्कार उत्पन्न करने के लिए विरह-वर्णन इस प्रकार किया गया है कि पाठक को कई बार हंसी आ जाती है | अन्य रीतिसिद्ध कवि  भी विरह-वर्णन करते समय  नौसीखिए प्रतीत होते हैं |

(6) भक्ति भावना : रीतिसिद्ध  कवियों ने प्रेम के साथ-साथ अपनी भक्ति भावना को भी अभिव्यक्त किया है | रीतिसिद्ध कवि उच्च कोटि के कवि होने के साथ-साथ  उच्च कोटि के भक्त भी माने जाते हैं  | बिहारी  के काव्य में प्रेम के साथ-साथ भक्ति व नीति की भी सुन्दर अभिव्यक्ति मिलती है | उन्होंने अपने काव्य में श्रीकृष्ण की लीलाओं का सुंदर वर्णन किया है | इनकी भक्ति में दांपत्य भक्ति की प्रधानता है | कहीं-कहीं वात्सल्य भाव भी प्रकट होता है | दास्य-भक्ति भी रीतिसिद्ध  कवियों के  काव्य में मिलती है |  फिर भी भक्ति की भावना इन कवियों के काव्य में उतना अधिक विकास नहीं पा सकी  जितना सूर,  तुलसी,  कबीर,  जायसी जैसे भक्ति कालीन कवियों के काव्य में मिलती है |

(7) काव्य-रूप- रीतिकाल के अधिकांश कवियों ने मुक्तक काव्य की रचना की है | आचार्य रामचंद्र शुक्ल ने मुक्तक काव्य को उपेक्षा की दृष्टि से देखा है लेकिन रीतिकाल की मांग ही  मुक्तक-काव्य थी | राजाओं तथा नवाबों के पास इतना समय नहीं था कि वे प्रबंध-काव्य सुन सकें और दरबारी कवियों का एकमात्र उद्देश्य अपने आश्रयदाता  राजाओं को प्रसन्न  करना था | उन्होंने मुक्तक काव्य की रचना की |

(8) कला– इन कवियों ने अपने काव्य में चमत्कार उत्पन्न करने के लिए छंदों,  अलंकारों, बिंबों आदि का बड़ा सुंदर प्रयोग किया है |
छंदों की दृष्टि से इन कवियों ने प्राय: दोहा, कवित्त, सवैया का प्रयोग किया है | इसके अतिरिक्त छप्पय, बरवै,  सोरठा आदि का प्रयोग भी कहीं-कहीं मिलता है | फिर भी इन कवियों ने दोहा, कवित्त, सवैया का अधिक प्रयोग किया है क्योंकि ये छंद ब्रज-भाषा की प्रकृति के अनुकूल थे |
चमत्कार उत्पन्न करने के लिए इन कवियों ने विभिन्न प्रकार के अलंकारों का प्रयोग किया है | इन्होंने शब्दालंकार और अर्थालंकार ; दोनों प्रकार के अलंकारों का प्रयोग बखूबी किया है | इन कवियों ने अपने काव्य में अनुप्रास,  यमक, श्लेष, पुनरुक्ति,  रूपक, उपमा, उत्प्रेक्षा,  रूपक अतिशयोक्ति आदि अलंकारों का प्रयोग बखूबी किया है | इन कवियों के लिए अलंकार साधन नहीं बल्कि साध्य बन गए थे |

(9) ब्रजभाषा की प्रधानता- रीति काल में अधिकांश काव्य ब्रजभाषा में रचा गया | ब्रज भाषा ही इस युग की प्रधान साहित्यिक भाषा थी | इसका प्रमुख कारण यह था कि ब्रजभाषा श्रृंगार-रस व कोमल भावों की अभिव्यक्ति के लिए उपयुक्त भाषा थी |  रीतिकाल के अधिकांश कवि केवल अपने स्वामी अर्थात अपने आश्रयदाता राजा को प्रसन्न करने के लिए काव्य-रचना कर रहे थे | अतः उन्होंने ब्रजभाषा जैसी मधुर भाषा को चुना |
डॉ नगेंद्र इस विषय में लिखते हैं-  ” भाषा के प्रयोग में इन कवियों ने एक खास नाजुक मिजाजी बरती है | इनके काव्य में किसी भी ऐसे शब्द की गुंजाइश नहीं जिसमें माधुर्य न हो |”
वस्तुतः ब्रजभाषा का जितना उत्कर्ष किस काल में हुआ उतना पहले कभी नहीं हुआ | फिर भी हम इनकी भाषा को पूर्ण तरह निर्दोष नहीं मान सकते | रीतिकालीन कवियों की भाषा में कई स्थान पर कारक-चिन्हों की त्रुटि है | कहीं-कहीं लिंग-संबंधी दोष हैं परंतु उनकी भाषा में सर्वत्र मधुरता व मादकता के दर्शन होते हैं |

निष्कर्षत:  हम कह सकते हैं कि रीतिकालीन काव्य श्रृंगार व मधुरता का काव्य है | इसमें सर्वत्र श्रृंगार व कलात्मकता के दर्शन होते हैं | जितना अधिक कला का विकास इस काल में हुआ वह इससे पहले कभी नहीं हुआ | शायद इसलिए ही डॉo रामकुमार वर्मारमाशंकर शुक्ल रसाल  ने इस काल को ‘कलाकाल‘  व विश्वनाथ प्रसाद मिश्र ने ‘श्रृंगार-काल‘ नाम दिया है |
अनेक त्रुटियां होने के बावजूद यह काल अपनी मधुरता, कलाप्रियता  व अलंकार-प्रियता  के लिए जाना जाएगा |

Other Related Posts

रीतिकाल : परंपरा एवं प्रवृत्तियां

रीतिकाल : समय-सीमा व नामकरण

रीतिबद्ध काव्य-परंपरा व प्रवृत्तियां

रीतिमुक्त काव्य : परंपरा व प्रवृत्तियां

हिंदी साहित्य का स्वर्ण युग : भक्तिकाल ( Hindi Sahitya Ka Swarn Yug :Bhaktikal )

राम काव्य : परंपरा एवं प्रवृत्तियां /विशेषताएं ( Rama Kavya : Parampara Evam Pravrittiyan )

कृष्ण काव्य : परंपरा एवं प्रवृत्तियां/ विशेषताएं ( Krishna Kavya Parampara Evam Pravrittiyan / Visheshtaen )

संत काव्य-परंपरा एवं प्रवृत्तियां /विशेषताएं

सूफी काव्य : परंपरा एवं प्रवृत्तियां ( Sufi Kavya : Parampara Evam Pravrittiyan )

8 thoughts on “रीतिसिद्ध काव्य : परंपरा एवं प्रवृत्तियां ( Reetisiddh kavya: Parampara Evam Pravritiya )”

Leave a Comment