पारिभाषिक शब्दावली : अर्थ, परिभाषा एवं स्वरूप

पारिभाषिक शब्द अंग्रेजी के ‘टेक्निकल’ शब्द का हिंदी अनुवाद है | ‘टेक्निकल’ शब्द ग्रीक भाषा के ‘टेक्निक्स’ शब्द से बना है, जिसका अर्थ है – विशिष्ट कला का या विज्ञान का या कला के बारे में |
इस आधार पर पारिभाषिक शब्द वे शब्द होते हैं, जो किसी विशिष्ट कला या विज्ञान की किसी शाखा से संबद्ध होते हैं तथा उनसे संबंधित किसी विशेष अर्थ की अभिव्यक्ति करते हैं |

◼️ प्रयोग की दृष्टि से शब्दों को तीन भागों में बांटा जा सकता है – 1. सामान्य शब्द, 2. अर्द्ध पारिभाषिक शब्द व 3. पारिभाषिक शब्द |

1️⃣ सामान्य शब्द

आम बोलचाल में प्रयोग किए जाने वाले शब्दों को सामान्य शब्द कहा जाता है | जैसे – बाजार, मकान, दुकान, भालू, आलू आदि | इस प्रकार के शब्द अनेक अर्थ अभिव्यक्त कर सकते हैं| इसके अतिरिक्त उसी अर्थ को अभिव्यक्त करने के लिए कुछ अन्य शब्द भी हो सकते हैं |

2️⃣ अर्द्ध पारिभाषिक शब्द

ऐसे शब्द जो कभी पारिभाषिक रूप में प्रयोग होते हैं तो कभी सामान्य रूप में, उन्हें अर्ध पारिभाषिक शब्द कहते हैं |
इस विषय में अरस्तु ने कहा है – ” एक शब्द अलग अलग प्रकरणों में पारिभाषिक भी हो सकता है और सामान्य भी |”
उदाहरण के लिए ‘रस’ एक सामान्य शब्द भी है और पारिभाषिक भी | सामान्य जीवन में रस का अर्थ – किसी फल या गन्ने को निचोड़ कर प्राप्त किए गए पेय पदार्थ से है, काव्यशास्त्र में ‘रस’ का अर्थ – साहित्य से प्राप्त अलौकिक आनन्द से है जबकि रसायन विज्ञान में ‘रस’ विभिन्न द्रवों की ओर संकेत करता है |

3️⃣ पारिभाषिक शब्द

पारिभाषिक शब्द वे शब्द होते हैं, जो किसी विशिष्ट क्षेत्र में एक विशिष्ट अर्थ की अभिव्यक्ति करते हैं | ये क्षेत्र चिकित्सा, विज्ञान, दर्शन, साहित्य, विधि व वाणिज्य आदि हो सकते हैं | कई बार एक ही शब्द कई क्षेत्रों में मिलता है | परंतु प्रत्येक क्षेत्र में वह शब्द एक विशेष अर्थ को लिए हुए होता है | जैसे – सेल ( Cell ) शब्द का अर्थ जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान व साहित्य के क्षेत्र में भिन्न भिन्न है | परंतु अनेकार्थी होते हुए भी किसी विशिष्ट क्षेत्र में इस शब्द का प्रयोग करने पर यह एक विशिष्ट अर्थ की अभिव्यक्ति करता है और उस क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों को भ्रम की स्थिति से बचाता है | यही पारिभाषिक शब्दावली की उपयोगिता है |

पारिभाषिक शब्दावली की परिभाषाएँ ( Paribhashik Shabdavali Ki Paribhashayen )

👉 डॉ भोलानाथ तिवारी के अनुसार :

“पारिभाषिक शब्द ऐसे शब्दों को कहते हैं जो रसायन, भौतिकी, दर्शन, राजनीति आदि विभिन्न विज्ञानों या शास्त्रों के शब्द होते हैं तथा जो अपने-अपने क्षेत्रों में विशिष्ट अर्थ में सुनिश्चित रूप में परिभाषित होते हैं | अर्थ और प्रयोग की दृष्टि से निश्चित रूप से परिभाषित होने के कारण ही यह शब्द पारिभाषिक शब्द कहलाते हैं |”

👉 डॉक्टर गोपाल शर्मा के अनुसार :

“पारिभाषिक शब्द वह शब्द है जो किसी ज्ञान विशेष के क्षेत्र में एक निश्चित अर्थ में प्रयुक्त होता हो तथा जिसका अर्थ एक परिभाषा द्वारा स्थिर किया गया हो |”

👉 डॉ रघुवीर के अनुसार :

” जिन शब्दों की सीमा बांध दी जाती है, वे पारिभाषिक शब्द हो जाते हैं और जिनकी सीमा नहीं बांधी जाती, वे साधारण शब्द होते हैं |”

👉 डॉ नरेश मिश्र के अनुसार :

”जिन शब्दों को ज्ञान-विज्ञान के किसी निश्चित क्षेत्र में किसी निश्चित अर्थ में परिसीमित कर प्रयोग किया जाए, उन्हें पारिभाषिक शब्द कहते हैं |”

◼️ उपर्युक्त परिभाषाओं के आधार पर पारिभाषिक शब्दावली की निम्नलिखित विशेषताएं प्रकट होती है :
▪️ पारिभाषिक शब्द किसी विशेष विज्ञान, विशेष कला या विशेष शास्त्र से जुड़े होते हैं |
▪️ पारिभाषिक शब्द एक विशिष्ट अर्थ की अभिव्यक्ति करते हैं |
▪️ पारिभाषिक शब्दों की सीमा बांध दी जाती है |
▪️ पारिभाषिक शब्दों का अर्थ सुनिश्चित होता है |
▪️ विभिन्न क्षेत्रों में प्रयुक्त पारिभाषिक शब्द एक निश्चित अर्थ में परिभाषित होते हैं, किसी अन्य अर्थ में इनका प्रयोग नहीं किया जा सकता |

अतः पारिभाषिक शब्द उन शब्दों को कहते हैं जिनका प्रयोग किसी विशिष्ट प्रयोजन के लिए किया जाता है |
ये शब्द भौतिकी, रसायन जीव विज्ञान, अर्थशास्त्र, गणित, दर्शन, वाणिज्य, भूगोल, राजनीति विज्ञान आदि क्षेत्रों के विशिष्ट शब्द होते हैं तथा इनका अर्थ सुनिश्चित तथा परिभाषित होता है |

यह भी देखें

पारिभाषिक शब्दावली का निर्माण : राष्ट्रीयतावादी संप्रदाय ( Paribhashik Shabdavali Ka Nirman : Rashtriytavadi Sampraday )

पारिभाषिक शब्दावली का निर्माण : अंतर्राष्ट्रीयतावादी सिद्धांत ( Paribhshik Shabdavali ka Nirman : Antarrashtriytavadi Siddhant )

पारिभाषिक शब्दावली का निर्माण : समन्वयवादी सिद्धांत ( Paribhashik Shabdavali : Samnvayvadi Siddhant )

वैज्ञानिक शब्दावली ( BSc – Second Year )

पत्रकारिता : अर्थ, परिभाषा स्वरूप एवं महत्त्व ( Patrakarita : Arth, Paribhasha, Swaroop Evam Mahatv )

फीचर का अर्थ, परिभाषा, स्वरूप, विशेषताएँ / गुण

मशीनी अनुवाद : अर्थ, परिभाषा, स्वरूप व प्रकार

7 thoughts on “पारिभाषिक शब्दावली : अर्थ, परिभाषा एवं स्वरूप”

Leave a Comment