मरुस्थलीय पारिस्थितिक तंत्र : प्रकार व उदाहरण

मरुस्थलीय पारिस्थितिक तंत्र (Desert Ecosystem) वे पारिस्थितिक तंत्र होते हैं जहाँ वर्षा अत्यंत कम होती है और वातावरण शुष्क रहता है। यहाँ तापमान अत्यधिक गर्म या बहुत ठंडा हो सकता है, और जीव-जंतु तथा वनस्पतियाँ इस कठोर वातावरण के अनुकूल विकसित होती हैं। इन्हें रेगिस्तान का पारिस्थितिक तंत्र भी कहते हैं | इन तंत्रों में जल की कमी, अत्यधिक वाष्पीकरण, तथा बहुत कम पौधों और जानवरों की विविधता पाई जाती है। कैक्टस जैसे पौधे, और ऊँट, छिपकली जैसे जीव यहाँ जीवित रहने के लिए विशेष अनुकूलन रखते हैं। रेगिस्तान पारिस्थितिक तंत्र पृथ्वी के कुल पारिस्थितिक तंत्रों का एक महत्वपूर्ण भाग हैं, जो जलवायु संतुलन और खनिज संसाधनों के लिए जाने जाते हैं।

मरुस्थलीय पारिस्थितिक तंत्र के प्रकार ( Types Of Deserts Ecosystems )

रेगिस्तानों ( मरुस्थलों ) को उनके तापमान और भौगोलिक स्थिति के आधार पर दो मुख्य प्रकारों में बाँटा जाता है:

(1) उष्ण मरुस्थल (Hot Deserts) — उष्ण रेगिस्तान पृथ्वी के ऐसे क्षेत्र होते हैं जहाँ दिन का तापमान अत्यधिक ऊँचा होता है, पर रातें ठंडी हो सकती हैं। इनका सबसे प्रमुख उदाहरण सहारा रेगिस्तान है, जो अफ्रीका में स्थित है। भारत में थार रेगिस्तान इसका प्रतिनिधित्व करता है। यहाँ कैक्टस, खजूर जैसे पौधे और ऊँट, लोमड़ी, सांप जैसे जीव पाए जाते हैं। उष्ण रेगिस्तानों में वर्षा बहुत ही कम (100–250 मिमी/वर्ष) होती है, जिससे जल संकट हमेशा बना रहता है। ये तंत्र अत्यधिक तापमान और जल की कमी के बावजूद जीवों के जीवन और अनुकूलन का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।

उष्ण रेगिस्तान के उदाहरण – थार रेगिस्तान (भारत), सहारा रेगिस्तान (अफ्रीका), अरबी रेगिस्तान (सऊदी अरब)।

(2) शीत मरुस्थल (Cold Deserts) — शीत रेगिस्तान वे क्षेत्र होते हैं जहाँ तापमान अत्यंत निम्न रहता है और वर्षा (अक्सर हिम के रूप में) बहुत कम होती है। इनका प्रमुख उदाहरण लद्दाख (भारत), गोबी रेगिस्तान (मंगोलिया), और अंटार्कटिका है। यहाँ की जलवायु कठोर, शुष्क और ठंडी होती है, और वनस्पतियाँ बहुत सीमित होती हैं। इन क्षेत्रों में याक, हिम तेंदुआ, तथा छोटी झाड़ियाँ और काई जैसे पौधे पाए जाते हैं। शीत रेगिस्तानों में जीवन जीना अत्यंत कठिन होता है, फिर भी कुछ जीव-जंतु व वनस्पतियाँ अपने अनूठे अनुकूलन के कारण यहाँ भी जीवित रह पाती हैं।

शीत रेगिस्तान ( मरुस्थल) के उदाहरण – लद्दाख (भारत), गोबी मरुस्थल (मंगोलिया), अंटार्कटिका।

1 thought on “मरुस्थलीय पारिस्थितिक तंत्र : प्रकार व उदाहरण”

Leave a Comment

error: Content is proteced protected !!