रथ का टूटा पहिया ( Rath Ka Tuta Pahiya ) : डॉ धर्मवीर भारती

धर्मवीर भारती की प्रसिद्ध कविता "रथ का टूटा पहिया" एक सशक्त प्रतीकात्मक रचना है, जो आधुनिक संदर्भों में भी अत्यंत प्रासंगिक है। यह कविता महाभारत के युद्ध का संदर्भ लेकर समाज के उन उपेक्षित और कमजोर माने जाने वाले लोगों के महत्व को स्थापित करती है, जिन्हें अक्सर सत्ता और ताकत के मद में चूर लोग बेकार समझकर फेंक देते हैं। 

मैं

रथ का टूटा हुआ पहिया हूँ |

लेकिन मुझे फेंको मत |

क्या जाने कब

इस दुरूह चक्रव्यूह में

अक्षौहिणी सेनाओं को चुनौती देता हुआ

कोई दुस्साहसी अभिमन्यु आकर घिर जाये |

अपने पक्ष को असत्य जानते हुए भी

बड़े-बड़े महारथी

अकेली निहत्थी आवाज को

अपने ब्रह्मास्त्रों से कुचल देना चाहे

तब मैं

रथ का टूटा हुआ पहिया

उसके हाथों में

ब्रह्मास्त्रों से लोहा ले सकता हूँ | (1)

मैं रथ का टूटा हुआ पहिया हूँ

लेकिन मुझे फेंको मत

इतिहास कि सामूहिक गति सहसा झूठी पड़ जाने पर

क्या जाने

सच्चाई टूटे हुए पहियों का आश्रय ले | (2)

‘रथ का टूटा पहिया’ कविता का प्रतिपाद्य /संदेश / मूल भाव

‘रथ का टूटा पहिया’ ( Rath Ka Tuta Pahiya ) डॉ धर्मवीर भारती की एक महत्वपूर्ण कविता है | यह कविता उनके कविता संग्रह ‘सात गीत वर्ष’ में संकलित है | इस कविता में कवि ने महाभारत के ‘चक्रव्यूह भेदन’ प्रसंग को आधार बनाकर एक महत्वपूर्ण संदेश दिया है |

इस कविता में ‘टूटा पहिया’ समाज के उपेक्षित तथा हीन समझे जाने वाले वर्ग का प्रतीक है | टूटा पहिया व्यर्थ समझे जाने वाली वस्तुओं का प्रतीक भी हो सकता है | इसे पारंपरिक मूल्यों का प्रतीक भी माना जा सकता है जिन्हें अति आधुनिकता के कारण हम निरर्थक और सार-हीन समझने लगते हैं |

महाभारत के युद्ध में जब अभिमन्यु अपने सभी अस्त्र-शस्त्र खो बैठता है तो ऐसी स्थिति में वह रथ के टूटे पहिए से आत्म-रक्षा करने का प्रयास करता है | इस प्रकार पूर्ण रूप से बेकार मानी जाने वाली वस्तु भी महत्वपूर्ण होती है | समाज में उपेक्षित समझे जाने वाली वस्तु एवं व्यक्ति भी मानव जीवन के उत्थान में सहायक सिद्ध हो सकते हैं | यही बात परंपरागत मूल्यों एवं परंपराओं के संदर्भ में भी कही जा सकती है | जब आधुनिक परिवेश में निराशा, कुंठा व संघर्ष व्याप्त होने लगे तब ऐसी अवस्था में परंपरागत मूल्य जीवनदायी सिद्ध हो सकते हैं |

‘रथ का टूटा पहिया’ कविता का मूल भाव यही है कि प्रत्येक वस्तु का महत्व समझा जाना चाहिए | किसी भी वस्तु को निरर्थक और किसी भी व्यक्ति को उपेक्षित नहीं समझना चाहिए | उसका भी उतना ही महत्व है जितना किसी उपयोगी वस्तु का या श्रेष्ठ व्यक्ति का |

2 thoughts on “रथ का टूटा पहिया ( Rath Ka Tuta Pahiya ) : डॉ धर्मवीर भारती”

Leave a Comment

error: Content is proteced protected !!